अलसुबह 5 गांवों में पुलिस का एक साथ एक्शन, 80 लीटर कच्ची शराब जब्त

अलसुबह 5 गांवों में पुलिस का एक साथ एक्शन, 80 लीटर कच्ची शराब जब्त
भोपाल, यश भारत। अवैध कच्ची शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ भोपाल पुलिस का अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में सूखी सेवनिया पुलिस ने सोमवार सुबह 5 बजे पांच गांवों में एक साथ दबिश देकर 80 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की। कार्रवाई के दौरान शराब बनाने के लिए तैयार करीब 250 लीटर लहान भी मौके पर ही नष्ट कराया गया, जबकि अवैध शराब से जुड़े दो मामले दर्ज किए गए हैं।
अवैध शराब के ठिकानों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए सूखी सेवनिया थाना प्रभारी अरुण शर्मा के नेतृत्व में 15 पुलिसकर्मियों की टीम ने अलसुबह पांचों गांवों में दबिश दी। टीम ने बालमपुर, बरखेड़ी अब्दुल्ला, भदभदा स्टेशन, खैरियई टपरा और गीदगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर तलाशी लेकर अवैध कच्ची शराब बरामद की। सुबह 5 बजे हुई इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने मौके पर ही करीब 250 लीटर लहान नष्ट कर दिया, जिसका इस्तेमाल कच्ची शराब तैयार करने के लिए किया जाना था। पुलिस के मुताबिक, अवैध कच्ची शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और इस अवैध धंधे में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







