रोटी के आटे पर देवरानी से तकरार और बेटी की बेज्जती की बात… फिर सल्फास से उजड़ गया पूरा परिवार

रोटी के आटे पर देवरानी से तकरार और बेटी की बेज्जती की बात… फिर सल्फास से उजड़ गया पूरा परिवार
भोपाल,यश भारत। राजधानी के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अरवलिया में हुए सामूहिक मौत मामले में पारिवारिक कलह और संवेदनशील पहलू सामने आए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना के पीछे रोटी के आटे को लेकर हुआ विवाद और उसके बाद उपजा पारिवारिक तनाव बड़ी वजह माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, 37 वर्षीय रुखसाना का विवाह फईम से हुआ था, जो धार्मिक शिक्षा देने के साथ ही मैकेनिक की दुकान चलाता है। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान रुखसाना की अपनी देवरानी से रोटी के आटे को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद 12 वर्षीय बेटी ने अपने पिता से अपनी बेज्जती होने की बात कही थी। घर के भीतर उपजी इस तनावपूर्ण स्थिति के बीच रुखसाना ने अपनी 12 साल की बेटी और 8 साल के बेटे फैजल को सल्फास खिलाने के बाद खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया।
गंभीर हालत में तीनों को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद से गांव और परिवार में मातम पसरा है, वहीं ईंटखेड़ी पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़कर जांच में जुटी है।







