मकवाना को 3 माह के एक्सटेंशन की सुगबुगाहट से अटकी नए डीजीपी की ताजपोशी?

मकवाना को 3 माह के एक्सटेंशन की सुगबुगाहट से अटकी नए डीजीपी की ताजपोशी?
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश की पुलिस कमान को लेकर शासन और प्रशासनिक गलियारों में इस वक्त दो समानांतर समीकरणों पर मंथन चल रहा है। मौजूदा पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना को तीन महीने का सेवा विस्तार (एक्सटेंशन) मिल सकता है। यदि उन्हें सेवा विस्तार नहीं मिलता है, तो प्रदेश में नए डीजीपी की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो सकती है, जिसमें तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम सामने आ रहे हैं।
नए डीजीपी की संभावित रेस में वरुण कपूर सबसे वरिष्ठ दावेदार माने जा रहे हैं। वे फिलहाल जेल विभाग के डीजी का दायित्व संभाल रहे हैं, जो उन्हें जुलाई 2025 में सौंपा गया था। साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में काम के लिए पहचाने जाने वाले वरुण कपूर ब्लैक रिबन इनिशिएटिव और प्रोजेक्ट साइ-कॉप्स जैसी पहलों से जुड़े रहे हैं। उनका रिटायरमेंट मई 2027 में प्रस्तावित है।
दूसरे दावेदार उपेंद्र जैन हैं, जो दिसंबर 2024 से आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ के डीजी पद पर कार्यरत हैं। इससे पूर्व वे मध्यप्रदेश पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उपेंद्र जैन अगस्त 2027 में सेवानिवृत्त होंगे और नए डीजीपी के चयन में उनका नाम भी प्रमुख रूप से चर्चा में है।
तीसरी दावेदार प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव हैं, जो वर्तमान में होमगार्ड की डीजी हैं। मई 2025 में वे इस विभाग की पहली महिला प्रमुख बनी थीं, जबकि इससे पहले वे पुलिस मुख्यालय में महिला सुरक्षा शाखा की स्पेशल डीजी रह चुकी हैं। यदि उन्हें प्रदेश का डीजीपी बनाया जाता है, तो वे मध्यप्रदेश की पहली महिला पुलिस महानिदेशक के रूप में इतिहास रचेंगी।
फिलहाल महकमे और शासन स्तर पर इस बात को लेकर चर्चा है कि कैलाश मकवाना को तीन महीने का सेवा विस्तार मिलता है या फिर नए डीजीपी के लिए वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव में से किसी एक का नाम तय किया जाता है।







