शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो हॉक फोर्स जवान पर चाकू से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार,देखे वीडियो….

जबलपुर,यशभारत। शराब पीने के लिए रुपए देने से इनकार करना एक युवक को भारी पड़ गया। रांझी थाना क्षेत्र के मोहनीया के पास दो युवकों ने बालाघाट में हॉक फोर्स में पदस्थ जवान पर चाकू से हमला कर दिया। घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार हॉक फोर्स में पदस्थ कुलदीप रावत ने 20 नवंबर को रांझी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मोहनीया के पास इंद्रजीत कुशवाहा और गौरव कुशवाहा ने उन्हें रोककर शराब पीने के लिए रुपयों की मांग की। जब उन्होंने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो दोनों युवकों ने विवाद करते हुए उन पर चाकू से हमला कर दिया।
शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर इंद्रजीत कुशवाहा और गौरव कुशवाहा को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू जब्त किया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।







