नवंबर में बदला मौसम का मिजाज: 13 जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट, अमरकंटक में 262 मिमी बारिश

नवंबर में बदला मौसम का मिजाज: 13 जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट, अमरकंटक में 262 मिमी बारिश
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश में नवंबर के तीसरे सप्ताह में मौसम ने करवट बदल ली है। एक ओर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां सक्रिय हैं, वहीं दूसरी ओर कई जिलों में ठंड का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने 22 नवंबर को सिंगरौली,सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, सिवनी, मंडला,बालाघाट और मैहर में कहीं-कहीं बारिश के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार प्रदेश के शेष जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
अमरकंटक में रिकॉर्ड 26.2 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 262 मिमी 26.2 सेंटीमीटर वर्षा अमरकंटक में हुई। इसके अलावा करंजिया, बजाग, जैतहरी, बुढ़ार, मवई, जैतपुर, कोतमा और बालाघाट में भी पानी बरसा। शहडोल संभाग के अधिकतर स्थानों और रीवा-जबलपुर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश रिकॉर्ड की गई है।
गिरवर में 8.7°C तक गिरा पारा, नर्मदापुरम सबसे गर्म
बारिश के बीच ठंड का असर भी बना हुआ है। शाजापुर जिले के गिरवर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बैतूल में 9.2 डिग्री, रायसेन में 10.6 डिग्री और धार में 10.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। दूसरी ओर नर्मदापुरम प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खजुराहो में 29.6 डिग्री और नरसिंहपुर में 29.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, इस बदलाव का मुख्य कारण उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में बना लो प्रेशर एरिया है। इससे जुड़ा साइक्लोनिक सिस्टम समुद्र तल से करीब 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है, जिसके प्रभाव से मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन रही है।







