भोपाल के नए टर्फ पर कोरिया के खिलाफ जीत की राह तलाशती भारतीय टीम

भोपाल के नए टर्फ पर कोरिया के खिलाफ जीत की राह तलाशती भारतीय टीम
भोपाल, यशभारत।महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के दूसरे मैच डे पर शनिवार को नाथू बरखेड़ा स्थित नवनिर्मित स्टेडियम में मेजबान भारतीय टीम कोरिया के विरुद्ध मैदान में उतरेगी। 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ जीत से शुरुआत करने वाली भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला घरेलू दर्शकों के सामने अपनी लय और गति को बरकरार रखने का अहम अवसर है।
आंकड़ों और रैंकिंग के लिहाज से भारतीय टीम का पलड़ा भारी दिखता है। विश्व रैंकिंग में भारत सातवें स्थान पर है, जबकि कोरिया 15वें पायदान पर काबिज है। वहीं एशियाई रैंकिंग में भारत दूसरे और कोरिया चौथे स्थान पर है। हालांकि पहले मैच में हार झेल चुकी कोरियाई टीम अंक तालिका में खाता खोलने के लिए पूरे जोर के साथ उतरेगी, जिससे भारतीय रक्षापंक्ति और मिडफील्ड को सतर्क रहना होगा।
दूसरे मैच डे के तहत नाथू बरखेड़ा स्टेडियम में एक ही दिन में तीन मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर 2:30 बजे चीन और मलेशिया के बीच भिड़ंत होगी, जिसके बाद शाम 4:45 बजे थाईलैंड और जापान आमने-सामने होंगे। दिन का आखिरी और मुख्य मुकाबला शाम 7:00 बजे भारत और कोरिया के बीच खेला जाएगा।
कोरिया के बाद भारतीय टीम को लीग चरण में 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान का सामना करना है। भोपाल में होने वाले लीग मैचों के समाप्त होने के बाद 27 नवंबर को पोजिशन के आधार पर मुकाबले और 28 नवंबर को कांस्य व स्वर्ण पदक के लिए फाइनल मैच खेले जाएंगे।







