कटनी
आजाद चौक में पेंट्स की दुकान में भीषण आग, दमकल की गाड़ियां मौके पर, पुलिस ने यातायात रोककर संभाला मोर्चा

कटनी, यशभारत। आजाद चौक क्षेत्र में श्रीराम ऑनलाइन एंड कंप्यूटर वर्क्स के बगल स्थित इंडिगो पेंट्स की दुकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की भयावह लपटें देखकर राहगीर बीच रास्ते में ठिठक गए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। वहीं कोतवाली पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। आग की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर यातायात रोक दिया गया, जिससे घटनास्थल पर लोगों की आवाजाही नियंत्रित की जा सके।
दुकान में लगी आग के कारण उठती लपटों और धुएं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। फिलहाल आग बुझाने का प्रयास जारी है। आग लगने के कारण और नुकसान का आकलन आग पर काबू पाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।







