Top-5जबलपुरदेशमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

अनंत अंबानी की पहल पर विशेष विमान से जामनगर पहुंचाया गया

अनंत अंबानी की पहल पर विशेष विमान से जामनगर पहुंचाया गया

सात सप्ताह के नन्हे हाथी राजा को एयरलिफ्ट कर गुजरात ले जाया गया, वंतारा में होगा इलाज

अनंत अंबानी की पहल पर विशेष विमान से जामनगर पहुंचाया गया
 

जबलपुर, यश भारत। जिंदगी की जंग लड़ रहे सात सप्ताह के नन्हे हाथी राजा को बेहतर इलाज और जीवन बचाने के लिए शुक्रवार को असम से गुजरात के जामनगर स्थित वंतारा ले जाया गया। जन्म के पहले ही दिन गंभीर रूप से घायल हुए राजा की हालत लगातार चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी। असम के पोहुमारा में सात सप्ताह तक वंतारा की पशु चिकित्सा टीम उसकी देखभाल और उपचार कर रही थी, लेकिन अब उसे विशेष अस्पताल में भर्ती कर गहन उपचार देने की जरूरत महसूस हुई। सड़क मार्ग से 2500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करना इतने छोटे और कमजोर हाथी के लिए जोखिम भरा था। ऐसे में उसे विशेष विमान से एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की गई। यह भारत में इस तरह का तीसरा एयरलिफ्ट अभियान है, जिसे वंतारा के संस्थापक अनंत अंबानी के सहयोग से संभव बनाया गया।

जन्म के पहले दिन ही टूट गई थी पैर की हड्डी

राजा का जन्म 2 अक्टूबर 2026 को असम के गोगामुख में हुआ था। उसकी मां की उम्र महज 11 साल थी और वह पहली बार मां बनी थी। प्रसव के बाद घबराहट और अनुभव की कमी के चलते मां ने नवजात हाथी को पैर मार दिया, जिससे उसके पिछले दाहिने पैर की जांघ की हड्डी (फीमर) पूरी तरह टूट गई। चोट इतनी गंभीर थी कि राजा अपने पैरों पर खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। उसे मां का पहला दूध भी नहीं मिल सका, जो नवजात हाथी के शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने के लिए बेहद जरूरी होता है।

1795179274 Untitled 6 copy

 सात सप्ताह तक घर पर चला उपचार

राजा की स्थिति को देखते हुए उसके मालिक और देखभाल करने वालों ने वंतारा से मदद मांगी। इसके बाद 8 अक्टूबर को वंतारा की रैपिड रिस्पांस टीम मौके पर पहुंची। एक्स-रे जांच में हड्डी पूरी तरह टूटने और अपनी जगह से खिसकने की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने प्लास्टर और पट्टियों से पैर को स्थिर किया। साथ ही विशेष सहारे और झूले की मदद से उसे खड़ा रखने का प्रयास किया गया, ताकि घायल पैर पर वजन न पड़े। मां का दूध नहीं मिलने के कारण उसे विशेष रूप से तैयार किया गया दूध भी दिया जाने लगा।10 अक्टूबर को राजा को उसके मालिक के घर पोहुमारा में स्थानांतरित किया गया, जहां लगातार निगरानी और उपचार जारी रहा। उसकी शारीरिक क्षमता बढ़ाने और बिना घायल पैर पर वजन डाले गतिविधि कराने के लिए पास में हाइड्रोथेरेपी तालाब भी तैयार किया गया।

 संक्रमण और दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं ने बढ़ाई परेशानी

लगातार बिस्तर पर रहने और मां का दूध नहीं मिलने के कारण राजा को कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा। उसे दस्त की शिकायत हुई और जांच में क्लेबसिएला निमोनिया नामक बैक्टीरिया का संक्रमण मिला। इसके अलावा कई बार रक्त में शुगर का स्तर कम हुआ। जांच में लिवर से जुड़े संकेतक भी बढ़े हुए मिले। लंबे समय तक लेटे रहने के कारण सिर पर घाव हो गए। उसे नाभि में हर्निया और सामान्य कमजोरी की समस्या भी हुई।चिकित्सकों ने एंटीबायोटिक दवाओं, नसों के जरिए तरल पदार्थ, लिवर सपोर्ट, विटामिन, खनिज, प्रोबायोटिक्स और घावों की देखभाल के जरिए उपचार किया। इसके बावजूद उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। अब उसे लगातार निगरानी, हड्डियों के विशेषज्ञों की देखरेख और पोषण एवं पुनर्वास की विशेष व्यवस्था की जरूरत है।

चार घंटे की हवाई यात्रा, विशेष पिंजरे में सुरक्षित सफर

20 नवंबर को गुवाहाटी से जामनगर के लिए विशेष विमान की व्यवस्था की गई। करीब चार घंटे की इस यात्रा के लिए राजा के शरीर के आकार के अनुसार विशेष पिंजरा तैयार किया गया। इसमें उसकी टूटी हुई टांग को स्थिर रखने के साथ गद्देदार बिस्तर लगाया गया, ताकि यात्रा के दौरान चोट और घावों पर अतिरिक्त दबाव न पड़े। पूरी यात्रा के दौरान वंतारा के पशु चिकित्सक, सहायक चिकित्सक और देखभाल करने वाले उसके साथ रहेंगे। उसके दिल की धड़कन, सांस, शरीर का तापमान, पानी की कमी और रक्त में शुगर के स्तर पर लगातार नजर रखी जाएगी। जरूरत के अनुसार दवाएं, तरल पदार्थ और दूध भी उपलब्ध रहेंगे।

वंतारा के हाथी अस्पताल में होगा आगे का इलाज

जामनगर पहुंचने के बाद राजा को वंतारा के हाथी अस्पताल में भर्ती किया जाएगा। वहां उसकी विस्तृत जांच के बाद दर्द नियंत्रण, दवाओं, चलने-फिरने की क्षमता विकसित करने वाली चिकित्सा और पोषण पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू होगी। चोट की गंभीरता को देखते हुए उसे जीवनभर पशु चिकित्सकीय देखभाल और निगरानी की जरूरत पड़ सकती है।वंतारा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवान करानी के अनुसार, राजा ने बेहद कम उम्र में असाधारण संघर्ष किया है। अब उसे सुरक्षित तरीके से विशेषज्ञों तक पहुंचाकर दोबारा खड़े होने और चलने का अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button