भोपालमध्यप्रदेश

फेस डिटेक्शन और पुराने आधार फोटो का पेच: लाइसेंस के लिए 90 फीसदी घटा काम, भर्ती अभ्यर्थियों की बढ़ी चिंता

फेस डिटेक्शन और पुराने आधार फोटो का पेच: लाइसेंस के लिए 90 फीसदी घटा काम, भर्ती अभ्यर्थियों की बढ़ी चिंता

भोपाल,यश भारत। लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया में आए तकनीकी बदलाव और पोर्टल की अड़चनों ने आवेदकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सबसे बड़ी चिंता उन युवाओं के लिए खड़ी हो गई है, जिन्हें पुलिस भर्ती समेत अन्य नौकरियों के आवेदन के लिए तय समय में लर्निंग लाइसेंस की जरूरत है। प्रक्रिया अटकने से अभ्यर्थियों के सामने भर्ती के आवेदन से वंचित होने का खतरा बना हुआ है।  

एनआईसी द्वारा 26 अक्टूबर को किए गए सॉफ्टवेयर अपडेशन के बाद से पूरी प्रणाली बदल चुकी है। पहले आवेदक घर बैठे मोबाइल से ही आसानी से लर्निंग लाइसेंस बनवा लेते थे, लेकिन अब यह सुविधा लगभग खत्म हो गई है। नए सिस्टम के तहत आवेदन करने के लिए वेबकैम, कंप्यूटर या लैपटॉप जरूरी कर दिया गया है और ऐप डाउनलोड करने के बाद लाइव फोटो लेकर एआई आधारित फेस डिटेक्शन से चेहरे का मिलान किया जाता है।  

इस नई व्यवस्था में आवेदकों के आधार कार्ड में दर्ज बचपन या कई साल पुरानी फोटो सबसे बड़ी रुकावट बन रही है। मौजूदा चेहरा सॉफ्टवेयर से मैच न होने के कारण आवेदन आगे नहीं बढ़ पा रहा, जिससे लोगों को एमपी ऑनलाइन केंद्रों से लेकर आरटीओ कार्यालय तक भटकना पड़ रहा है। कुछ चुनिंदा जगहों पर ही काम हो पाने से आवेदकों को 200 से 300 रुपए अतिरिक्त भी खर्च करने पड़ रहे हैं।  

इसका सीधा असर आरटीओ के कामकाज पर भी पड़ा है। भोपाल आरटीओ में जहां पहले रोजाना करीब 175 से 200 लर्निंग लाइसेंस बनते थे, वहीं नए सिस्टम के बाद यह संख्या घटकर महज 20 से 25 तक सिमट गई है, यानी इसमें करीब 90 फीसदी की कमी आई है। वहीं एनआईसी मध्यप्रदेश के प्रमुख नवीन पनिकर का कहना है कि सॉफ्टवेयर अपडेशन सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशों के तहत किया जाता है और इससे जुड़ी शिकायत आरटीओ भोपाल के माध्यम से की जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button