पॉक्सो के 10 हजारी इनामी जाकिर बकरा समेत 2022 से पैरोल जंप कर भागा कैदी गिरफ्तार

पॉक्सो के 10 हजारी इनामी जाकिर बकरा समेत 2022 से पैरोल जंप कर भागा कैदी गिरफ्तार
भोपाल, यश भारत। राजधानी में फरार अपराधियों और सजायाफ्ता कैदियों की धरपकड़ के लिए पुलिस व जेल प्रशासन ने दो अलग-अलग मोर्चों पर प्रभावी कार्रवाई की है। गांधीनगर पुलिस ने जहां पॉक्सो एक्ट के मामले में अप्रैल 2026 से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश मोहम्मद जाकिर उर्फ जाकिर बकरा को दबोच लिया, वहीं सेंट्रल जेल भोपाल की टीम ने रातीबड़ पुलिस के सहयोग से वर्ष 2022 से पैरोल जंप कर लापता चल रहे कैदी को रातीबड़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
जेल उप अधीक्षक मगनू सिंह मरावी के अनुसार, शाहजहांनाबाद निवासी मोहम्मद जाकिर उर्फ जाकिर बकरा पर घर में घुसकर महिला से अभद्रता, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप हैं। इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है। आरोपी का एक साथी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है, जबकि जाकिर की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने रिश्तेदारों से मिलने भोपाल आया है, जिस पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ गांधीनगर, हनुमानगंज, श्यामलाहिल्स, निशातपुरा व शाहजहांनाबाद थानों में कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। फिलहाल उससे पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
उधर, अपहरण के मामले में सजायाफ्ता कैदी अर्जुन मीणा वर्ष 2022 में पैरोल पर बाहर आने के बाद निर्धारित अवधि बीतने पर भी जेल नहीं लौटा था। चार साल से उसकी तलाश कर रही केंद्रीय जेल भोपाल की विशेष टीम ने रातीबड़ थाना पुलिस की मदद से बीती रात करीब 12 बजे रातीबड़ क्षेत्र के ग्राम समसगढ़ स्थित घर पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।







