धारदार हथियारों के साथ चार आरोपी गिरफ्तार, बड़वारा पुलिस ने आम्र्स एक्ट के तहत की कार्रवाई

कटनी, यशभारत। बड़वारा पुलिस ने अलग-अलग चार स्थानों पर धारदार लोहे का बका लहराकर आमजन को डराने धमकाने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 25 आम्र्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। थाना प्रभारी सुयश पांडे ने बताया कि बड़वारा बस स्टैंड के पास गुड्डू विश्वकर्मा निवासी ग्राम बरछेका को बका के साथ गिरफ्तार किया गया। इसी तरह पठरा बस स्टैंड के पास धारदार बका लहराकर आमजन को भयभीत कर रहे रामजी पटेल निवासी ग्राम बरछेका को गिरफ्तार कर धारा 25 आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। एक अन्य मामले में पौंड़ी रोड पर कान्हा सिंह निवासी ग्राम टिकरिया और पठरा स्थित बर्मन ढाबा के पीछे देवेन्द्र सिंह पिता जुगराज सिंह ग्राम ठिठवारा को बका के साथ गिरफ्तार कर धारा 25 आम्र्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी सुयश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक पवनराज, प्रधान आरक्षक नितेश डोंगरे, आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी एवं आरक्षक गौरीशंकर राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।







