ढाबे के बाहर मौत बनकर दौड़ा मक्का से भरा ट्रक, तीन की दर्दनाक मौत,चालक हिरासत में

जबलपुर, यशभारत। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित नेशनल हाईवे-45 पर गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने जमकर तबाही मचाई। खैरी बंधा के पास राज फैमिली ढाबा के बाहर खड़े वाहनों और अलाव ताप रहे लोगों को मक्का से लदे ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। भीषण हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ढाबा संचालक राजा साहू समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक कुछ दूरी पर जाकर पलट गया।
चार वाहनों को रौंदता हुआ निकला ट्रक
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1 से 2 बजे के बीच ट्रक क्रमांक एमपी 20 एचबी 1200 शहपुरा की ओर से जबलपुर आ रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और राज फैमिली ढाबा के बाहर खड़ी बोलेरो, कार और पिकअप सहित चार वाहनों को टक्कर मारते हुए वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया। उस समय कुछ लोग ढाबे पर भोजन कर रहे थे, जबकि कुछ ठंड से बचने के लिए अलाव ताप रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
शराब दुकान के दो कर्मचारियों सहित तीन की मौत
इस दर्दनाक हादसे में बलराम सिंह निवासी भिंड-मुरैना और मोनू भंडारी निवासी रामपुर, गोरखपुर, जो पास की शराब दुकान में कर्मचारी थे, उनकी मौत हो गई। वहीं ढाबे में काम करने वाले धर्मेंद्र आदिवासी निवासी खैरी ने भी घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। ढाबा संचालक राजा साहू और सोनू गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चालक हिरासत में, नशे में होने की आशंका
सूचना मिलते ही भेड़ाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की आशंका जताई गई है। उपनिरीक्षक अभिषेक कैथवास के अनुसार हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।






