ढाई साल पहले डाली पाइप लाइन, नहीं मिली पानी की एक बंूद, हर घर नल-हर घर जल योजना में लापरवाही, पीएचई की मिलीभगत, हैण्डपंप के भरोसे 200 से ज्यादा परिवार, आदिवासी बाहुल्य ढीमरखेड़ा के ग्राम आमाझाल का मामला

कटनी, यशभारत। जिले के आदिवासी बाहुल्य तहसील क्षेत्र ढीमरखेड़ा में केंद्र सरकार द्वारा संचालित जल जीवन मिशन योजना में बड़ी लापरवाही सामने आई है। करीब ढाई साल पहले यहां पाइपलाइन डालकर घरों में कनेक्शन के लिए पाइप लगा दिए गए लेकिन ग्रामीणों के घरों में अब तक पानी नहीं पहुंचा। जिसके चलते ग्रामीणों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं को हैंडपंपों से पानी लेने के लिए काफी दूर तक पैदल चलना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने नल जल योजना के कार्य में ठेकेदार और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की मिलीभगत के आरोप लगाए हैं। इस पूरे मामले में विभाग के अधिकारी अब जांच की बात कह रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील मुख्यालय ढीमरखेड़ा से करीब 30 किलोमीटर दूर ग्राम आमाझाल में 200 से ज्यादा परिवारों में 1000 से ज्यादा की जनसंख्या में लोग निवास करते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि ढाई साल पहले ठेकेदार द्वारा घरों में कनेक्शन के लिए पाइपलाइन डालकर पाइप लगाए गए थे लेकिन ग्रामीणों के घरों तक अभी तक पानी की एक बंूद नहीं पहुंची। स्थिति यह है कि ग्रामीणों का जीवन हैण्डपंपों के सहारे कट रहा है।
जानकारी के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा सितंबर 2023 में मुरैना की माधव कंस्ट्रक्शन कम्पनी को 74 लाख 36 हजार रुपये की निविदा पर 6 माह में इस योजना को पूरा करने का ठेका दिया था लेकिन ठेकदार निविदा शर्तों को पूरी करने में असफल रहा। तीन साल बीतने के बाद भी नलजल योजना का काम पूरा नहीं हुआ है। ठेकेदार की लापरवाही के चलते केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को पलीता लग रहा है। बताया जाता है कि पीएचई द्वारा सम्बंधित ठेकेदार को अक्टूबर माह में काम पूरा करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया था। विभाग ने कहा था कि यह अंतिम नोटिस है। ठेकेदार अगर कार्य नहीं करता तो ठेकेदार के खिलाफ ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। एक सप्ताह का समय देने के बावजूद तकरीबन एक माह से ज्यादा का समय बीत गया ना ही कार्रवाई हुई और ना ही ग्रामीणों को पानी मिला। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से ठेकेदार के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है।
क्या कहते हैं ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि केन्द्र सरकार द्वारा घरों तक जल पहुंचाने के लिए हर घर नल हर घर जल योजना लागू की गई है लेकिन गांव में अधिकारियों की लापरवाही के कारण ढाई वर्षों से इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि ठेकेदार की लापरवाही पर नोटिस दिए गए हैं, कार्रवाई की जाएगी। पानी की व्यवस्था बनाई जाएगी लेकिन ना हीं कार्रवाई हो रही है और ना ही ग्रामीणों को पानी मिल पा रहा है। ग्राम की महिलाओं ने बताया कि ठेकेदार की लापरवाही को लेकर लगातार अधिकारियों को अवगत कराया गया है। अधिकारियों के द्वारा सिफा तारीख पर तारीख दी जा रही है लेकिन किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हो रही और ना ही ग्रामीणों को शासन की योजना का लाभ मिल पा रहा है।
इनका कहना है
इस पूरे मामले को लेकर जब एसडीओ साकेत सुहाने से बात की गई तो उनका कहना था कि मामला संज्ञान में आया है। संबंधित ठेकेदार को जल्द से जल्द कार्य पूरा करने के लिए कहा गया है।






