
सरकारी स्कूलों की बदलेगी तस्वीर
नदीपार में 1.04 करोड़ से बनेगा नया भवन

आठ कक्षों का होगा जी प्लस वन भवन, शहर के दूसरे स्कूलों में भी करोड़ों के निर्माण और मरम्मत कार्य
कटनी,यशभारत। सरकारी स्कूलों की बदहाल अधोसंरचना और सीमित सुविधाओं के बीच नगर निगम ने स्कूल भवनों के निर्माण और मरम्मत पर निवेश शुरू किया है। इसी कड़ी में इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 4 स्थित शासकीय माध्यमिक शाला नदीपार में 1 करोड़ 4 लाख रुपए की लागत से नया भवन बनाया जाएगा। महापौर प्रीति संजीव सूरी ने भूमिपूजन किया। खास बात यह रही कि भूमिपूजन छात्राओं के हाथों कराया गया।
प्रस्तावित भवन जी प्लस वन संरचना पर बनेगा। इसमें आठ कक्षों के साथ शौचालय की सुविधा भी होगी। भवन निर्माण से स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अतिरिक्त जगह और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, उमेंद्र अहिरवार, पार्षद शकुंतला सोनी, रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, पूर्व पार्षद विजय (डब्बू) रजक, सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी और प्राचार्य प्रशांत चनपुरिया सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
कई स्कूलों में करोड़ों के काम
महापौर ने बताया कि ए. रविन्द्र राव स्कूल में 1.94 करोड़ रुपए से भवन निर्माण जारी है। केसीसी स्कूल में डेढ़ करोड़ रुपए से नया भवन बनाया जाना है। निषाद शाला का दो करोड़ रुपए की लागत से भवन तैयार हो चुका है। वहीं विभिन्न सरकारी स्कूलों में करीब तीन करोड़ रुपए के मरम्मत कार्य कराए जा रहे हैं। नदीपार के अलावा केसीएस, पुरवार पुत्री शाला और बरगवां स्कूल में भी नए भवन निर्माण की योजनाएं हैं।
महापौर ने सरकारी स्कूलों में निजी स्कूलों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही। हालांकि इन निर्माण और मरम्मत कार्यों का वास्तविक लाभ विद्यार्थियों को तभी मिलेगा, जब काम तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे हों और स्कूलों में जरूरी सुविधाएं जमीन पर दिखाई दें।






