बिजली कंपनी की बड़ी कार्रवाई, 1.50 करोड़ के बकायादारों के काटे कनेक्शन

जबलपुर,यश भारत। बिजली बिलों का लंबे समय से भुगतान नहीं करने वाले और बड़ी बकाया राशि दबाकर बैठे उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली कंपनी ने शनिवार को शहरभर में व्यापक अभियान चलाया। छह महीने या इससे अधिक समय से बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को निशाने पर लेते हुए कंपनी की टीमों ने करीब 1.50 करोड़ रुपये की बकाया राशि वाले बिजली कनेक्शन खंभों से विच्छेदित कर दिए। कार्रवाई के दौरान उपभोक्ताओं से 76.29 लाख रुपये की राशि भी जमा कराई गई।अभियान के तहत शहर के सभी संभागों में कार्यपालन यंत्रियों के नेतृत्व में कनिष्ठ और सहायक अभियंताओं की टीमों ने एक साथ कार्रवाई की।
शहर संभाग पूर्व में फूटाताल, चांदनी चौक, प्रेमसागर, बहोराबाग, पसियाना, द्वारका नगर, इंदिरा मार्केट और सदर-कटंगा क्षेत्र के 121 उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की गई। वहीं पश्चिम संभाग में हाथीताल, गोरखपुर, राइट टाउन, उजारपुरवा, महानद्दा और गाजी नगर के 63 उपभोक्ताओं के कनेक्शन निशाने पर रहे। इसी तरह उत्तर संभाग में अधारताल, अमखेरा, महाराजपुर, रांझी, बड़ा पत्थर, खमरिया, पिपरिया, बापू नगर और मानेगांव के 136 उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई। दक्षिण संभाग में वैशाली परिसर, पॉलीपाथर, गुजराती कॉलोनी पुरवा, बिलहरी मेन रोड और गढ़ा क्षेत्र में अधिक बकाया वाले कनेक्शनों को विच्छेदित किया गया।
अस्थायी कनेक्शनों की जांच में 51 पर बिजली चोरी के प्रकरण
बिजली कंपनी ने विजय नगर संभाग में अस्थायी कनेक्शनों की जांच के लिए विशेष अभियान भी चलाया। जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर 51 उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत बिजली चोरी के प्रकरण दर्ज किए गए। जांच में कुछ बड़े मकानों के बिजली कनेक्शनों में भी गड़बड़ी सामने आई।
ककरैया तलैया में कार्रवाई का विरोध, मीटर भी उखाड़ा
अभियान के दौरान ककरैया तलैया क्षेत्र में एक बकायादार के यहां कार्रवाई के समय हंगामे की स्थिति बन गई। बिजली कंपनी के अनुसार संबंधित उपभोक्ता बलवीर कौर पर करीब 46 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया था। आरोप है कि लंबे समय से मीटर रीडर को मीटर की रीडिंग भी नहीं लेने दी जा रही थी। अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा और कार्यपालन यंत्री आशुतोष ओझा टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो कार्रवाई का विरोध किया गया। इस दौरान महिलाओं को आगे कर टीम को रोकने की कोशिश भी की गई। स्थिति को देखते हुए कंपनी की महिला कर्मचारियों को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद परिसर की सर्विस लाइन के साथ मीटर भी निकाल लिया गया। बताया गया कि परिसर में करीब चार परिवार रहते हैं और एक वर्ष से अधिक समय से बिजली बिल जमा नहीं किया गया था।
बिजली कंपनी के अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने बताया कि नवंबर माह में बड़े बकायादारों और लंबे समय से बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के विरुद्ध जरूरत पड़ने पर डीआरए (राजस्व वसूली प्रक्रिया) के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बिजली बिलों का समय पर भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को आगे भी राहत नहीं दी जाएगी।








