कटनी

लोडिंग वाहन में 25 सवारियां, महिला, पुरुष एवं बच्चों को बैठाकर ले जाने पर यातायात पुलिस की कार्यवाही, वाहन जप्त

कटनी, यशभारत। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कटनी द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय/यातायात रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर द्वारा विशेष निगरानी एवं चेकिंग के माध्यम से नियम विरुद्ध संचालित वाहनों पर कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में मिशन चौक से अहिंसा तिराहा की ओर जा रहे लोडिंग वाहन क्रमांक MP 21 G 2683 को चेक किया गया। वाहन में माल एवं सामान के परिवहन के स्थान पर महिला, पुरुष एवं बच्चों सहित कुल 25 व्यक्तियों को बैठाकर ले जाना पाया गया। इस प्रकार निर्धारित उपयोग के विपरीत लोडिंग वाहन में अत्यधिक संख्या में व्यक्तियों का परिवहन किया जा रहा था, जो यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम उत्पन्न करने वाला है।
उक्त अनियमितता पाए जाने पर यातायात पुलिस द्वारा वाहन को जप्त कर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की गई है। वाहन चालक को प्रकरण सहित सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

यातायात पुलिस की विशेष अपील एवं सुझाव

लोडिंग वाहन माल एवं सामान के परिवहन के लिए निर्धारित होते हैं, यात्रियों को ढोने के लिए नहीं। ऐसे वाहनों में बैठकर यात्रा करना विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों के लिए अत्यंत जोखिमपूर्ण हो सकता है।
उपरोक्त कार्यवाही में अनूप सिंह निरीक्षक थाना प्रभारी यातायात, उप निरीक्षक शशि भूषण दुबे, सहायक उप निरीक्षक अशोक सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अनूप सिंह, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिंह, आरक्षक राजकुमार झारिया, सुनील अहिरवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

आम नागरिकों, वाहन मालिकों एवं चालकों से अपील है कि—

1. लोडिंग वाहनों में किसी भी स्थिति में सवारियां बैठाकर परिवहन न करें।
2. यात्रा के लिए केवल पंजीकृत एवं यात्री परिवहन हेतु निर्धारित वाहनों का ही उपयोग करें।
3. वाहन चालक निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें।
4. वाहन मालिक अधिक कमाई अथवा किराया बचाने के लिए यात्रियों की जान जोखिम में न डालें।
5. नागरिक ऐसे वाहनों में यात्रा करने से बचें तथा सुरक्षित परिवहन को प्राथमिकता दें।

याद रखें—कुछ रुपये बचाने के लिए अपनी और अपने परिवार की जिंदगी को जोखिम में न डालें। वाहन की थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

यातायात पुलिस कटनी द्वारा आमजन की सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए इस प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button