रसगुल्ला समझकर मुंह में डाल लिया सुअर मार बम, धमाके में युवक की दर्दनाक मौत
गांव के ही व्यक्ति ने मिठाई बताकर दिया था विस्फोटक, चबाते ही फटा बम;

डिंडौरी। मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। गांव के ही एक व्यक्ति ने 35 वर्षीय युवक को सुअर मारने वाला बम रसगुल्ला बताकर खाने के लिए दे दिया। युवक ने भी उसे मिठाई समझकर मुंह में डाल लिया, लेकिन जैसे ही उसने चबाया, जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट में युवक का जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना मंगलवार रात कोतवाली थाना क्षेत्र के पड़रिया छांटा गांव की है।
आंगन में बैठकर कर रहे थे बातचीत
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राजेंद्र बरौतिया (35), पिता स्वर्गीय फुल्लू लाल बरौतिया के रूप में हुई है। मंगलवार शाम परिवार के साथ भोजन करने के बाद राजेंद्र अपने घर के आंगन में आग जलाकर बैठा था। रात करीब आठ बजे गांव का ही रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा और उसके पास बैठकर बातचीत करने लगा। इसी दौरान उसने कथित तौर पर सुअर मारने में इस्तेमाल होने वाला बम राजेंद्र को रसगुल्ला बताकर खाने के लिए दे दिया।
चबाते ही मुंह में हुआ जोरदार विस्फोट
राजेंद्र ने बिना किसी संदेह के उसे मिठाई समझकर मुंह में डाल लिया। जैसे ही उसने उसे चबाया, विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि राजेंद्र का जबड़ा बुरी तरह फट गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। अचानक हुए धमाके से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग तत्काल उसे ऑटो से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में नहीं बच सकी जान
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने राजेंद्र का उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसे बचाया नहीं जा सका। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद अस्पताल की मर्चुरी के बाहर बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण जमा रहे। गांव में भी इस घटना को लेकर दहशत और आक्रोश का माहौल है।
हत्या और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज
कोतवाली पुलिस ने आरोपी रामभगत बरौतिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों और आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के पास सुअर मारने वाला बम कहां से आया और उसे किसने उपलब्ध कराया।







