दिग्विजय-अखिलेश के खिलाफ बैरागढ़ में फूटा आक्रोश, चार पुतले जलाकर किया प्रदर्शन सकल सनातन समाज की चेतावनी,माफी नहीं मांगी तो होगा सीएम हाउस का घेराव

दिग्विजय-अखिलेश के खिलाफ बैरागढ़ में फूटा आक्रोश, चार पुतले जलाकर किया प्रदर्शन
सकल सनातन समाज की चेतावनी,माफी नहीं मांगी तो होगा सीएम हाउस का घेराव
भोपाल,यश भारत। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की टिप्पणी के विरोध में शनिवार को भोपाल के बैरागढ़ में जमकर प्रदर्शन हुआ। बागेश्वर धाम मंडल और सकल सनातन समाज के कार्यकर्ताओं ने दिग्विजय सिंह सपा प्रमुख अखिलेश यादव दामोदर यादव और हर्षा रिछारिया के पुतले जलाकर नारेबाजी की।
पंडित वृंदावन गर्ग के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ नेता राजनीतिक लाभ के लिए सनातन धर्म और संतों को निशाना बना रहे हैं। महंत रवि पटेरिया ने कहा कि आंदोलन की शुरुआत बैरागढ़ से हुई है जिसे आगे व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा।
पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल विधानी ने दिग्विजय सिंह से बयान पर माफी मांगने की मांग की। वहीं भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष राहुल राजपूत ने भी टिप्पणी की निंदा करते हुए विरोध जारी रखने की चेतावनी दी। प्रदर्शनकारियों ने दो टूक कहा कि यदि संबंधित नेताओं ने माफी नहीं मांगी तो आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।







