भूसे की आड़ में ‘मौत का सामान’: पुलिस ने पकड़ा अवैध विस्फोटक का जखीरा

डेटोनेटर और फ्यूज वायर बरामद
सागर, यशभारत l बहेरिया पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध विस्फोटक सामग्री के एक बड़े जखीरे को जब्त किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुलीचंद पटेल के ठिकाने पर दबिश देकर भूसे के अंदर छिपाकर रखी गई करीब 30 से 35 पेटियां विस्फोटक सामग्री बरामद की।
तलाशी के दौरान मौके से विभिन्न कंपनियों के इमल्शन एक्सप्लोसिव, ब्लास्टिंग में उपयोग की जाने वाली छड़ें (रॉड), बड़ी संख्या में डेटोनेटर और सेफ्टी फ्यूज वायर जब्त किए गए हैं। कार्रवाई की संवेदनशीलता और सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने तत्काल बीडीएस (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड) टीम को मौके पर बुलाया, जिसने पूरी सामग्री को अपने नियंत्रण में लेकर सुरक्षित किया।
खनन और ब्लास्टिंग में इस्तेमाल होना था बारूद
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इस विस्फोटक सामग्री का मुख्य रूप से इस्तेमाल वैध-अवैध खनन गतिविधियों और पहाड़ों में ब्लास्टिंग के लिए किया जाना था। आरोपी द्वारा बिना किसी वैध लाइसेंस या प्रशासनिक अनुमति के इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक का भंडारण किया गया था, जिससे बड़ा हादसा भी हो सकता था।
एक्सपर्ट्स की रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जब्त सामग्री को जांच के लिए विस्फोटक एवं बैलिस्टिक एक्सपर्ट्स के पास भेजा गया है। एक्सपर्ट्स की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी स्थिति और कड़ी कार्रवाई तय की जाएगी।







