कार से कुचलकर युवक-युवती की हत्या, प्रेम प्रसंग में वारदात की आशंका
जबलपुर-भोपाल हाईवे पर डबल मर्डर से सनसनी, कार सवार आरोपी फरार; पुलिस तलाश में जुटी

जबलपुर, यश भारत। बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में जबलपुर-भोपाल हाईवे पर युवक और युवती की कार से कुचलकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने जानबूझकर कार से टक्कर मारकर दोनों की जान ली।
मृतकों की पहचान प्रशांत लोधी निवासी उड़ना गांव और जागृति महलोनिया निवासी गुबरा कला गांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रशांत के किसी परिचित द्वारा ही इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।घटना की सूचना मिलते ही बेलखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार को कब्जे में लेकर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।







