Top-5जबलपुरदेशमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, एक दिन में पकड़े गए 300 मामले

प्रेमसागर से हनुमानताल तक बिजली विभाग का छापा, 200 कर्मचारियों की टीम ने की जांच; दोबारा चोरी पर होगी एफआईआर

 

जबलपुर, यश भारत। शहर में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विद्युत विभाग ने गुरुवार को व्यापक जांच अभियान चलाया। जेसू पूर्व संभाग के उन इलाकों को विशेष रूप से निशाने पर लिया गया, जहां बिजली लाइन लॉस 70 प्रतिशत या उससे अधिक पाया गया है। करीब 25 अधिकारियों और 200 कर्मचारियों की टीम ने कुछ ही घंटों में लगभग 300 बिजली चोरी के प्रकरण दर्ज किए। विद्युत विभाग के अनुसार, पूरे शहर में लाइन लॉस करीब 22 प्रतिशत है, जिसमें 7 प्रतिशत तकनीकी नुकसान शामिल है। वहीं कुछ क्षेत्रों में यह आंकड़ा 70 प्रतिशत से भी अधिक है।

जांच में सर्विस लाइन को बायपास कर और मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी के मामले सामने आए। कुछ गलियों में 70 से 80 प्रतिशत घरों में बिजली चोरी पाए जाने की बात भी सामने आई है।अभियान के तहत प्रेमसागर, हनुमानताल, सिंधी कैंप, ठक्करग्राम, चारखंभा, नालबंद मोहल्ला, मदारछल्ला, पसियाना, सैफनगर और मोतीनाला में कार्रवाई की गई। इसमें शहर के पांचों संभागों के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर लोगों ने विरोध कर हंगामा करने की कोशिश की, लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस बल और जनप्रतिनिधियों की समझाइश के बाद अभियान जारी रहा। अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने बताया कि दोबारा बिजली चोरी करते पकड़े जाने पर संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button