कटनी

कार से 12 लाख का गांजा जब्त, मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी, कार छोडक़र भागा चालक, मामला दर्ज

कटनी, यशभारत। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए झिंझरी पुलिस ने 50 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। गांजे का परिवहन बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट डिजायर कार से किया जा रहा था। पुलिस की घेराबंदी के दौरान चालक वाहन को बड़ागांव रोड स्थित फॉरेस्ट स्मृति वन के सामने छोडक़र अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त कार सहित 12 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस के अनुसार 4 नवंबर को झिंझरी चौकी को मुखबिरों से सूचना मिली थी कि बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट डिजायर कार में अवैध रूप से गांजा ले जाया जा रहा है। वाहन उमरिया की तरफ से आकर जबलपुर की ओर जा रहा था। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और उनके निर्देश पर पुलिस की दो टीमें गठित कर संदिग्ध वाहन का पीछा किया गया। पुलिस से बचने के लिए चालक ने कार तेज रफ्तार से भगाई और आगे जाकर जीएसटी कार्यालय के पास से बड़ागांव रोड की ओर मोड़ दी। पुलिस की कार्रवाई के बीच चालक बड़ागांव रोड पर फॉरेस्ट स्मृति वन के सामने कार छोडक़र अंधेरे में भाग निकला। पुलिस ने उसकी तलाश कीए लेकिन वह मौके पर नहीं मिला।
कार से मिले गांजे के 50 पैकेट
तलाशी के दौरान कार के अंदर गांजे के 50 पैकेट मिले। प्रत्येक पैकेट का वजन एक किलोग्राम पाया गया। इस प्रकार 50 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने गांजे की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये तथा बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार की कीमत लगभग 7 लाख रुपये आंकी है। इस तरह जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। झिंझरी चौकी पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फरार चालक और अन्य संलिप्त आरोपियों की पहचान एवं तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button