भोपालमध्यप्रदेश

भोपाल में बीजेपी की लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा, जेपी नड्डा और सीएम मोहन बोले- कांग्रेस विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश को कर रही अस्थिर

भोपाल में बीजेपी की लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा, जेपी नड्डा और सीएम मोहन बोले- कांग्रेस विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश को कर रही अस्थिर

अटल पथ से रोशनपुरा चौराहे तक निकला जनसैलाब, बुर्के में पहुंची मुस्लिम महिलाओं ने दिखाए मोदी जी कहीं नहीं जाएंगे के पोस्टर

तीन तलाक लिखे बैनर हटाने का अनूठा वाकया, छात्रों और थर्ड जेंडर समुदाय की भी रही जोरदार भागीदारी

भोपाल, यशभारत।  राजधानी भोपाल में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से निकाली गई लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा ने शहर का सियासी पारा पूरी तरह हाई कर दिया। टीटी नगर के प्लेटिनम प्लाजा स्थित अटल पथ से शुरू हुई यह पदयात्रा रोशनपुरा चौराहे तक पहुंची। इस भव्य आयोजन में केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मुख्य रूप से शिरकत की और विपक्ष पर तीखे राजनीतिक प्रहार किए।

1793779357 WhatsApp Image 2026 11 04 at 12.46.37

जेपी नड्डा और सीएम मोहन के तीखे तेवर

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन देश में लगातार अस्थिरता पैदा करने की साजिश रच रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग न्यायपालिका के फैसलों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, वे आज व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने राहुल गांधी की राजनीति को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे सिर्फ आरोप लगाओ और भाग जाओ” की नीति पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और कर्नाटक में चुनाव प्रक्रिया को लेकर बेबुनियाद आरोप लगाए गए, लेकिन आज तक कोई सबूत पेश नहीं किया जा सका।

यात्रा का खास आकर्षण: मुस्लिम महिलाओं और थर्ड जेंडर की सहभागिता

इस पदयात्रा में एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब बड़ी संख्या में बुर्का पहनी मुस्लिम महिलाएं हाथों में केंद्र सरकार के समर्थन में स्लोगन और कहीं नहीं जाएंगे मोदी जी के पोस्टर थामे नजर आईं। हालांकि, इस दौरान एक दिलचस्प वाकया तब सामने आया जब कुछ महिलाओं ने तीन तलाक लिखे बैनर लेने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद आयोजकों ने तुरंत उन बैनर को एक तरफ हटवा दिया। इसके अलावा, यात्रा में थर्ड जेंडर समुदाय के लोगों, युवाओं और विभिन्न कॉलेजों के स्टूडेंट्स ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति गीतों के बीच तिरंगा थामे युवा झूमते नजर आए।

बीजेपी ने भोपाल और नर्मदापुरम संभाग से इस महाअभियान में करीब एक लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया है। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि शहरवासियों को वैकल्पिक मार्गों से सहूलियत मिल सके। पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया, सुरेश पचौरी, बीजेपी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य सहित कई दिग्गज नेता और स्थानीय विधायक इस आयोजन के गवाह बने।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button