रिश्तों का कत्ल! ज़मीन के विवाद में देवरानी बनी जल्लाद : जेठानी और 13 वर्षीय भतीजी को ज़िंदा जलाया

घरेलू कलह और ज़मीन के विवाद में खौफनाक कदम, क्षेत्र में सनसनी
सागर, यशभारत l बीना थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गोदना में सोमवार देर शाम पारिवारिक रंजिश और ज़मीन के विवाद ने एक खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि घरेलू कलह के चलते देवरानी ने अपनी ही जेठानी और 13 वर्षीय भतीजी को आग के हवाले कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना में गंभीर रूप से घायल 35 वर्षीय गिरजाबाई ठाकुर को तुरंत बीना से लाकर सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) में भर्ती कराया गया है। वहीं, उनकी 13 वर्षीय बेटी की नाज़ुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर और उच्च स्तरीय उपचार के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
क्या है मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार में लंबे समय से घरेलू कलह और ज़मीन के बंटवारे को लेकर विवाद चला आ रहा था। सोमवार शाम यह विवाद इतना बढ़ गया कि देवर आकाश की पत्नी (देवरानी) काजल गोस्वामी ने कथित तौर पर गिरजाबाई और उनकी नाबालिग बेटी पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
पुलिस कार्रवाई
बीना थाना प्रभारी अनूप सिंह यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस की एक विशेष टीम बच्ची के बयान दर्ज करने के लिए भोपाल (हमीदिया अस्पताल) रवाना हो चुकी है। थाना प्रभारी के अनुसार, पीड़िता के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट (MLC) के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






