श्रीगंगानगर में रेलवे लाइन पर विस्फोट, बाल-बाल बची ट्रेन,पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो खंभे टूटे

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर धमाके की घटना से हड़कंप मच गया। रामसिंहपुर थाना क्षेत्र के 50 जीबी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट से पटरी को सहारा देने वाले सीमेंट के दो खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हरिशंकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अनूपगढ़-सूरतगढ़ ट्रेन के गुजरने के कुछ ही देर बाद रेलवे लाइन पर तेज धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो खंभे टूट गए। आशंका जताई जा रही है कि यदि ट्रेन के गुजरने से पहले धमाका होता तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया है। टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर विस्फोट के कारणों का पता लगाने में जुटी है। एसपी हरिशंकर ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान सीमा से सटे श्रीगंगानगर के सीमावर्ती इलाके में हाल ही में 7.5 किलो आरडीएक्स बरामद किया गया था। ऐसे में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, एसपी ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इस विस्फोट का आरडीएक्स बरामदगी से कोई संबंध सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही धमाके की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।







