अवैध शराब का ट्रक रोक रहे थाना प्रभारी को कुचला, इलाज के दौरान मौत CM मोहन यादव ने किया 1 करोड़ मुआवजे का ऐलान
पत्नी को एसआई पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने की घोषणा की

जबलपुर , यश भारत। मध्यप्रदेश के देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब तस्करी रोकने की कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी की जान चली गई। इंदौर-बैतूल हाईवे पर वाहनों की जांच के दौरान एक आयशर वाहन चालक ने उन्हें कुचल दिया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां करीब दो घंटे तक उपचार के बाद उनकी मौत हो गई। घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को क्षेत्र में अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी दिलीप पुरी पुलिस टीम के साथ हाईवे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध आयशर वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे निकालने की कोशिश की। इस दौरान वाहन का पिछला पहिया थाना प्रभारी के ऊपर से गुजर गया।
हादसे के बाद चालक वाहन को संदलपुर में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर दुख जताते हुए परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और दिवंगत थाना प्रभारी की पत्नी को अनुकंपा के आधार पर सब इंस्पेक्टर पद पर नियुक्ति देने की घोषणा की है। निष्पक्ष जांच के लिए स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन को घटनास्थल भेजा गया है।पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी दिलीप पुरी के निधन पर शोक व्यक्त किया। वहीं मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।







