मध्य प्रदेशमुख्य ख़बरेंराज्य

सिवनी के जम्बो सीताफल की मिठास अब दुबई तक पहुंचेगी : पहली बार हुआ अंतरराष्ट्रीय निर्यात,जीआई टैग मिलने के बाद मिली बड़ी उपलब्धि… देखें पूरा वीडियो

कलेक्टर अंजू अरुण कुमार ने हरी झंडी दिखाकर खेप की रवाना

सिवनी यश भारत:-जिले के छपारा क्षेत्र के भूतबंधानी का प्रसिद्ध जम्बो सीताफल अब देश की सीमाएं पार कर दुबई में भी अपनी मिठास बिखेरेगा। जम्बो सीताफल को इसी वर्ष जियोग्राफिकल इंडिकेशन (जीआई) टैग मिलने के बाद इसके प्रचार-प्रसार और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को पहली बार सिवनी से दुबई के लिए जम्बो सीताफल की खेप रवाना की गई। नवागत कलेक्टर अंजू अरुण कुमार ने हरी झंडी दिखाकर इस खेप को रवाना किया।

यह उपलब्धि उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘सीताफल से समृद्धि अभियान’ के तहत हासिल हुई है। कलेक्टर ने बताया कि दुबई भेजे जा रहे पहले कंसाइनमेंट के लिए सीताफल जिले के स्व-सहायता समूह के माध्यम से उपलब्ध कराया गया है। फलों की छंटाई, ग्रेडिंग और पैकेजिंग के बाद नागपुर से कार्गो के जरिए इन्हें दुबई भेजा जा रहा है।

कलेक्टर अंजू अरुण कुमार ने कहा कि सिवनी की विशेष जलवायु और मिट्टी के कारण यहां उत्पादित जम्बो सीताफल अपने बड़े आकार, मिठास और उत्कृष्ट गुणवत्ता के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुरूप उत्पादन तैयार करने के लिए उद्यानिकी विभाग और एपीडा के माध्यम से ग्रेडिंग, पैकेजिंग तथा निर्यात संबंधी प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

उद्यानिकी विभाग की सहायक संचालक आशा उपवंशी वासेवार ने बताया कि इस पहल से आने वाले समय में जम्बो सीताफल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांग बढ़ने की संभावनाएं हैं। इससे स्थानीय उत्पादकों को नए बाजार मिलेंगे और उनकी आमदनी बढ़ाने के अवसर उपलब्ध होंगे।

देशभर में है खास पहचान

छपारा क्षेत्र के भूतबंधानी का जम्बो सीताफल पहले से ही दिल्ली, आगरा, झांसी, बनारस, प्रयागराज, गोरखपुर, नागपुर, रायपुर और मुंबई सहित कई शहरों में लोकप्रिय है। यहां के सीताफल का वजन सामान्यतः 200 से 650 ग्राम तक होता है, जबकि विशेष आकार के फल 800 ग्राम से एक किलोग्राम तक के भी होते हैं।

जिले में इसके स्थानीय विक्रय को बढ़ावा देने के लिए कंपनी गार्डन के बाहर दलसागर चौपाटी की ओर बिक्री काउंटर भी शुरू किया गया है। इसके साथ ही जबलपुर, भोपाल और नागपुर जैसे शहरों में किसानों के उत्पाद की सीधी बिक्री कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। सीताफल उत्पादक किसानों को संगठित कर दो किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) भी गठित किए गए हैं।

जम्बो सीताफल का दुबई निर्यात सिवनी के स्थानीय कृषि उत्पाद को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे जिले को नई पहचान मिलने के साथ ही सीताफल उत्पादक किसानों के लिए निर्यात और बेहतर बाजार मूल्य की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button