प्रतिबंधित कार्बाइड गन के अवैध कारोबार पर कार्रवाई, तीन गिरफ्तार, 14 गन सहित 39.5 किलो कार्बाइड और अन्य सामग्री जब्त

जबलपुर, यश भारत। दीपावली से पहले प्रतिबंधित कार्बाइड गन के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच, कुंडम और मदनमहल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 14 कार्बाइड गन, 39 किलो 500 ग्राम कैल्शियम कार्बाइड, सात सर्किट और सात प्लास्टिक पाइप जब्त किए गए हैं।
कुंडम पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बघराजी के बाजार मोहल्ले में दशरथ बड़गैया (58) के मकान पर दबिश दी। तलाशी में 10 कार्बाइड गन, सात पाइप, सात सर्किट और 11 किलो 500 ग्राम कार्बाइड मिला। वहीं, बघराजी की एक दुकान से चित्रांश साहू (29) के कब्जे से चार कार्बाइड गन बरामद की गईं।
इधर, मदनमहल पुलिस ने सुखेजा टावर के पास लाठिया ट्रेडर्स में जांच के दौरान दुकान संचालक विजय साहू (49), निवासी माढ़ोताल के कब्जे से 28 किलो कैल्शियम कार्बाइड जब्त किया।
तीनों आरोपियों के खिलाफ जिला दंडाधिकारी के प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब प्रतिबंधित कार्बाइड की आपूर्ति और इसके अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।







