भोपाल-इंदौर मेट्रो में सफर अब और आसान: 30 सेकंड में मिलेगा टिकट, स्टेशनों पर शुरू हुई टीवीएम मशीनें

भोपाल-इंदौर मेट्रो में सफर अब और आसान: 30 सेकंड में मिलेगा टिकट, स्टेशनों पर शुरू हुई टीवीएम मशीनें
भोपाल, यशभारत। भोपाल और इंदौर मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब मेट्रो स्टेशनों पर टिकट के लिए लंबी कतारों में खड़े होने की झंझट से मुक्ति मिल गई है। दोनों शहरों के मेट्रो स्टेशनों पर टिकट वेंडिंग मशीन की सुविधा शुरू कर दी गई है, जिससे यात्री महज 30 सेकंड में खुद अपना टिकट बुक कर सकेंगे। यात्रियों की शुरुआती मदद के लिए मशीनों के पास मेट्रो कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है।
टिकट वेंडिंग मशीन शुरू होने के बाद अब यात्रियों के पास कुल तीन आसान विकल्प उपलब्ध हैं:
1. स्टेशन पर लगाई गई टीवीएम के जरिए खुद टिकट निकालना।
2. एमपीएमआरसीएल मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल टिकट बुक करना, जिसमें यूपीआई, क्यूआर कोड और ई-वॉलेट से कैशलेस भुगतान की सुविधा है।
3. पारंपरिक रूप से स्टेशन पर मौजूद टिकट काउंटर से टिकट लेना।
दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष प्रावधान
मेट्रो प्रशासन ने टिकटिंग व्यवस्था को पूरी तरह सुलभ और समावेशी बनाया है। स्टेशनों पर लगाई गई टिकट वेंडिंग मशीनों में दृष्टिबाधित दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष रूप से ब्रेल लिपि का प्रावधान भी किया गया है।
टिकट दरों पर मिल रही विशेष छूट
त्योहारों और शुरुआती परिचालन को देखते हुए यात्रियों को किराए में विशेष प्रमोशनल डिस्काउंट दिया जा रहा है। 31 दिसंबर तक लागू इस व्यवस्था के तहत:
सिंगल जर्नी टिकट:25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट।
रिटर्न जर्नी टिकट: कुल 30 प्रतिशत छूट।
ग्रुप टिकट:कुल 35 प्रतिशत छूट।
खास बात यह है कि अब केवल दो यात्री मिलकर भी ग्रुप टिकट का लाभ उठा सकते हैं, जिससे कम खर्च में सफर करना और आसान हो गया है।







