गन्ने के खेत में छिपाकर रखी थी 2 लाख की शराब, क्राइम ब्रांच और केंट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
1,948 पाव देशी-अंग्रेजी शराब जब्त

जबलपुर, यश भारत। शहर में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच और केंट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सदर क्षेत्र के बगीचा नंबर 68, चिकनी रोड पर दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गन्ने के खेत की बाड़ी में छिपाकर रखी करीब दो लाख रुपये की 1,948 पाव शराब जब्त की है। केंट थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र पटले के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर अवैध शराब का भंडारण किया गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर एक संदिग्ध भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रोहित पासी उर्फ मटका (36), निवासी बगीचा नंबर 68, सदर बताया। तलाशी के दौरान गन्ने के खेत की बाड़ी से शराब की पेटियां और खुली शराब बरामद हुई। पुलिस ने नीले बैग से देशी शराब के 100 पाव, 36 पेटियों से 1,800 पाव देशी शराब, बैगपाइपर अंग्रेजी शराब के 22 पाव और मैकडॉवेल्स रम के 26 पाव जब्त किए। कुल 1,948 पाव शराब की कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।







