हाईटेंशन का खौफ : कटनी-इंदौर बस पलटी, आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल
सिहोरा के पास रात में हुआ हादसा, घायल यात्रियों को जिला अस्पताल में किया भर्ती

दमोह। जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत सिहोरा के पास देर रात कटनी से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर विद्युत डीपी से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। गनीमत रही कि दुर्घटना के बावजूद कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक एमपी 15 पीए 5577, जो ओम साईं राम कंपनी की बताई जा रही है, मंगलवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच सिहोरा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस में कई यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में घायल यात्रियों को उपचार के लिए दमोह जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

बस के विद्युत डीपी से टकराकर पलटने के बाद बड़ा हादसा होने की आशंका थी, लेकिन राहत की बात रही कि घटना में इससे भी गंभीर नुकसान की सूचना नहीं है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जाना बाकी है।







