देश

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के लकड़ी टाल में इनकम टैक्स की रेड, जांच की कार्यवाही जारी

कटनी, यशभारत। कटनी शहर के माधव नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह-सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आयकर विभाग की टीमों ने एक साथ कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। यह कार्रवाई शहर के जाने-माने लकड़ी टाल संचालक और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चमनलाल आनंद के यहां की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इनकम टैक्स विभाग के दो दर्जन से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों का काफिला सुबह-सुबह अचानक ठिकानों पर पहुंचा। अधिकारियों ने माधव नगर स्थित उनके दोनों लकड़ी टाल और रिहायशी आवास को पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया है। एक साथ कई ठिकानों पर हुई इस अचानक कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों और इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक सूचना के अनुसार,यह पूरी कार्रवाई बड़े पैमाने पर टैक्स अनियमितता और अघोषित आय से जुड़ी बताई जा रही है। आयकर विभाग की टीमें टाल और घर के अंदर रखे वित्तीय दस्तावेजों, बही-खातों, कंप्यूटर डेटा और बैंक लेन-देन की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही हैं। मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि जांच में किसी तरह की बाधा न आए। जैसे ही शहर में इन दोनों प्रतिष्ठित कारोबारियों के यहां आईटी रेड की खबर फैली, राजनीतिक और व्यापारिक जगत में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। कई व्यापारी और राजनीतिक लोग भी स्थिति का जायजा लेने के लिए सुगबुगाहट करते नजर आए। फिलहाल आयकर विभाग की यह मैराथन कार्रवाई जारी है। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही टैक्स चोरी की सही रकम और अन्य बड़े खुलासे सामने आने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button