ईंटखेड़ी में पति-पत्नी ने लगाई फांसी, चार दिन पहले पड़ोसी से हुआ था विवाद

ईंटखेड़ी में पति-पत्नी ने लगाई फांसी, चार दिन पहले पड़ोसी से हुआ था विवाद
भोपाल, यशभारत। राजधानी के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में मजदूरी कर परिवार का गुजारा करने वाले एक दंपती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के खुलासे के बाद से पूरे इलाके में मातम का माहौल है। मृतक दंपती के दो छोटे बच्चे भी हैं, जिन्हें वे अपने पीछे अकेला छोड़ गए हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों ने उनके घर का दरवाजा खुला देखा। संदेह होने पर जब वे अंदर पहुंचे, तो पति-पत्नी के शव पंखे के कुंदे से लटके हुए दिखाई दिए। इसके बाद तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से महज चार दिन पहले ही दंपती का पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत उन्होंने थाने में भी दर्ज कराई थी। हालांकि, इस खौफनाक कदम के पीछे की असल वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फिलहाल मामले की हर एंगल से गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि दंपती ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया।







