भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

बीकानेर मिष्ठान भंडार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, काजू कतली व बंगाली मिठाई के नमूने लिए , मिठाइयों पर एल्युमिनियम फॉयल लगे होने की आशंका, दीपावली पर चांदी की वर्क के मानकों का पालन करने की अपील

बीकानेर मिष्ठान भंडार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, काजू कतली व बंगाली मिठाई के नमूने लिए

मिठाइयों पर एल्युमिनियम फॉयल लगे होने की आशंका, दीपावली पर चांदी की वर्क के मानकों का पालन करने की अपील

भोपाल यश भारत। दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन जिला भोपाल की टीम ने चुनाभट्टी स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। प्रतिष्ठान के संचालक सरमन राजपुरोहित की दुकान पर निरीक्षण के दौरान काजू कतली एवं बंगाली मिठाई पर लगी वर्क अत्यधिक चमकीली एवं आकर्षक दिखाई दी। वर्क को हाथ से रगड़ने पर उसके अपेक्षित रूप से नहीं मिटने के कारण मिठाइयों पर चांदी की वर्क के स्थान पर एल्युमिनियम फॉयल लगे होने की आशंका जताई गई। इसके बाद विभागीय टीम ने काजू कतली एवं बंगाली मिठाई के नमूने जांच के लिए लिए।

विभाग के अनुसार लिए गए नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मिठाइयों पर एल्युमिनियम फॉयल का उपयोग नहीं करने की अपील

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने दीपावली के अवसर पर मिठाइयों का निर्माण एवं विक्रय करने वाले सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं से मिठाइयों की सजावट में एल्युमिनियम फॉयल का उपयोग नहीं करने की अपील की है। विभाग ने कहा कि यदि मिठाइयों पर वर्क का इस्तेमाल किया जाता है, तो खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप शुद्ध चांदी की वर्क का ही उपयोग किया जाना चाहिए। मिठाइयों के निर्माण सजावट भंडारण और विक्रय के दौरान निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना आवश्यक है।

उपभोक्ताओं से भी सतर्क रहने की अपील

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने आम उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि वे मिठाई खरीदते समय केवल उसकी चमकदार सजावट से गुणवत्ता का अनुमान न लगाएं। उपभोक्ता बिना वर्क वाली मिठाइयों को भी उचित मूल्य पर खरीदने को प्राथमिकता दे सकते हैं। मिठाइयों की शुद्धता और गुणवत्ता उनकी निर्माण प्रक्रिया तथा इस्तेमाल की गई सामग्री पर निर्भर करती है।

विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और नमूना जांच की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button