वन परिक्षेत्र में मिला तेंदुए का शव : वन विभाग में हड़कंप

सागर, यशभारत lसागर जिले के मालथौन वन परिक्षेत्र अंतर्गत जंगल से सटे क्षेत्र में एक तेंदुए (चीते) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से वन विभाग के अमले में हड़कंप मच गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन मंडल और स्थानीय गश्ती दल की टीम ने मौके पर पहुँचकर पूरे इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
आसपास के ग्रामीण इलाकों में शिकारियों द्वारा बिछाए गए करंट के तारों या अन्य संदिग्ध परिस्थितियों के कोण से भी वन विभाग इनकार नहीं कर रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर घटना स्थल पर डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमों को तैनात किया गया है। टीम आसपास के पगमार्क, संदिग्ध निशानों और साक्ष्यों को एकत्रित करने में जुटी है।
पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगी वजह
वन अधिकारियों के अनुसार, वन्यजीव के शव को राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) की गाइडलाइन और निर्धारित एसओपी (SOP) के तहत कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद ही मौत के सही कारणों का आधिकारिक खुलासा हो सकेगा।
“शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। यदि जांच में किसी की संलिप्तता या लापरवाही सामने आती है, तो वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कड़ी से कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”







