शस्त्र पूजा के बाद खूनी सन्नाटा: अलमारी में बंदूक रखते ही चली गोली, आबकारी अधिकारी की पत्नी की मौत

सतना। शहर की मंदाकिनी विहार कॉलोनी में रहने वाली सहायक आबकारी अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह की पत्नी दीपमाला सिंह (50) की शुक्रवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार शाम घर में लाइसेंसी बंदूक से गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर हालत में रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दो दिन तक चले उपचार के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर में शस्त्र पूजा के बाद बुधवार शाम दीपमाला सिंह लाइसेंसी बंदूक को अलमारी में रखने जा रही थीं। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो उनके पेट में लगी। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रीवा रेफर कर दिया था।
घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को कमरे में लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक मिली। वहीं, किचन के पास रखे दीवान पर खिड़की के टूटे कांच बिखरे हुए पाए गए। घटनास्थल पर पुलिस को खून के निशान और कारतूस का खाली खोखा नहीं मिला।
महिला की मौत के बाद घटना को लेकर पुलिस की जांच महत्वपूर्ण हो गई है। गोली चलने की परिस्थितियों और घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा जांच के तथ्यों के आधार पर ही हो सकेगा।







