मुख्य ख़बरें

16 वर्षीय किशोरी का घर में मिला शव : संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

सागर, यशभारत ।सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ता में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ 16 वर्षीय एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव उसके घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय सुबह करीब 8:30 बजे प्रीति (16) पुत्री मुकेश गौड़ घर पर अकेली थी, जबकि उसकी माँ और छोटी बहन नंदिनी खेत में फसल काटने गई थीं। कुछ देर बाद जब छोटी बहन नंदिनी घर लौटी और दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद अन्य परिजन भी मौके पर पहुँचे और आवाज लगाई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, तो अंदर प्रीति का शव फंदे पर लटका मिला। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

रहली अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर संदीप असाटी ने बताया कि मृतका का शव अस्पताल लाया गया था, जहाँ डॉक्टर अनामिका विश्वास और डॉ. संदीप असाटी की मौजूदगी में मेडिकल पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस कर रही हर पहलू से जांच

रहली थाना प्रभारी संजय ऋषिश्वर ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित बिंदुओं और पहलुओं को ध्यान में रखकर बारीकी से जांच कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयानों और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का पूरी तरह से खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button