रैपिडो चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत: शिवाजी नगर की झुग्गी में फंदे पर लटका मिला शव

रैपिडो चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत: शिवाजी नगर की झुग्गी में फंदे पर लटका मिला शव
भोपाल, यशभारत। राजधानी के एमपी नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिवाजी नगर की झुग्गी बस्ती में रहने वाले एक 29 वर्षीय रैपिडो चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव उसके कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रोहित वर्मा (29) पुत्र देवदास वर्मा के रूप में हुई है, जो शिवाजी नगर झुग्गी में रहता था। रोहित अपनी आजीविका चलाने के लिए दिन के समय चाय बेचने का काम करता था और साथ ही रैपिडो भी चलाता था। रोज की तरह बुधवार की रात वह खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। गुरुवार की सुबह जब उसकी मां उसे उठाने या देखने के लिए कमरे में पहुंचीं, तो उन्होंने रोहित का शव फंदे पर लटका हुआ देखा। बेटे को इस हालत में देख परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही एमपी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शुरुआती जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की, जिसमें सामने आया कि रोहित को शराब पीने की लत थी। परिजनों के मुताबिक वह अक्सर नशे की हालत में आत्महत्या करने की बात कहता था। हालांकि, उसने यह खौफनाक कदम किन कारणों के चलते उठाया, इसको लेकर अभी तक कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आ पाई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में हर एंगल से गहनता से जांच की जा रही है, ताकि मौत के असल कारणों का खुलासा हो सके।







