जयकारों के बीच मां जगतजननी की विदाई सिलसिला ज़ारी,नगर निगम ने किए व्यापक इंतजाम

जबलपुर,यश भारत। शक्ति की आराधना के महापर्व नवरात्र के समापन के बाद मां जगत जननी को विदाई देने का सिलसिला जारी है। नौ दिवसीय पर्व के समापन पर दुर्गा समितियां बैंड-बाजों के साथ धूमधाम से मां भगवती की प्रतिमाओं का विसर्जन कर रही हैं। शहर के प्रमुख विसर्जन कुंडों और तालाबों में श्रद्धालु विधि-विधान से मां दुर्गा को विदाई दे रहे हैं। ग्वारीघाट स्थित नर्मदा तट के भटौली विसर्जन कुंड में मंगलवार देर रात तक 72 प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

वहीं, तिलवारा विसर्जन कुंड में 54 प्रतिमाएं विसर्जित की गईं। दोनों स्थानों पर बड़ी प्रतिमाएं भी विसर्जन के लिए पहुंच रही हैं। श्रद्धालु पूजा-अर्चना और जयकारों के बीच मां दुर्गा को अगले वर्ष फिर आने की कामना के साथ विदाई दे रहे हैं। बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन को देखते हुए नगर निगम ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। विसर्जन कुंडों में प्रतिमाओं को सुरक्षित तरीके से विसर्जित करने के लिए दो बड़ी क्रेनों की मदद ली जा रही है। इससे भारी प्रतिमाओं को कुंड में उतारने की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाया गया है। शहर के अन्य विसर्जन स्थलों पर भी प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला जारी है।
हनुमानताल, आधारताल, गोकुलपुर, सूपाताल, गुलौआ ताल और इमरती तालाब सहित अन्य तालाबों में अब तक 270 से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका है। विभिन्न समितियों द्वारा निर्धारित स्थलों पर पहुंचकर धार्मिक परंपराओं के अनुसार प्रतिमाओं को विदाई दी जा रही है। नवरात्र के दौरान नौ दिनों तक पूजा-अर्चना और आराधना के बाद अब शहर में विसर्जन का दौर चल रहा है। विसर्जन का यह सिलसिला शरद पूर्णिमा तक जारी रहेगा।







