आज से कांग्रेस का वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान होगा तेज, ब्लॉक स्तर पर मार्च और पुतला दहन

आज से कांग्रेस का वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान होगा तेज, ब्लॉक स्तर पर मार्च और पुतला दहन
25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक गांव-गांव चौपाल लगाकर मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाएगी कांग्रेस
भोपाल, यश भारत । मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस आज से अपने आंदोलन को तेज करने जा रही है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से कांग्रेस मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाकर जनजागरण करेगी।
कांग्रेस की निर्धारित रूपरेखा के अनुसार, 20 अक्टूबर तक ब्लॉक स्तर पर मार्च निकालकर उसके समापन स्थल पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया जाएगा। इस दौरान सार्वजनिक सभाओं के माध्यम से लोगों से संपर्क कर पार्टी अपने आरोपों और मांगों को जनता के सामने रखेगी।
ब्लॉक स्तर पर पदयात्रा और बाइक रैलियां
अभियान के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां महात्मा गांधी अथवा डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से एसडीएम कार्यालय या स्थानीय प्रशासनिक मुख्यालय तक पदयात्रा, साइकिल रैली अथवा बाइक रैली निकालेंगी। मार्च के समापन स्थल पर कार्यकर्ता भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ करेंगे और राष्ट्रगान गाकर लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताएंगे। इसके बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
हालांकि, अभियान के परिपत्र में दशहरे के दिन रावण के स्थान पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला जलाने का स्पष्ट निर्देश नहीं दिया गया है। पुतला दहन को ब्लॉक स्तर पर आयोजित मार्च के समापन कार्यक्रम से जोड़ा गया है।
25 अक्टूबर से गांव-गांव चौपाल
कांग्रेस 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक ‘वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल’ अभियान चलाएगी। अभियान के पहले दिन प्रदेश और जिला मुख्यालयों पर वरिष्ठ प्रदेश कांग्रेस नेताओं तथा जिला कांग्रेस अध्यक्षों के नेतृत्व में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएंगी। इसके बाद जिला स्तर पर कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर चौपालों के माध्यम से लोगों से संवाद करेंगे।
प्रदेश से ब्लॉक स्तर तक आंदोलन की तैयारी
AICC के निर्देश पर कांग्रेस ने प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर चरणबद्ध कार्यक्रम तय किए हैं। अक्टूबर में विरोध प्रदर्शन और रैलियों के जरिए आंदोलन को गति दी जाएगी, जबकि नवंबर तक चौपालों के माध्यम से जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर जनजागरूकता बढ़ाना और ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को व्यापक स्तर तक पहुंचाना है।







