चलो देखें अपने शहर का दुर्गोत्सव : मातारानी की एक झलक पाने सड़कों पर आया जनसैलाब, आज नवमी को भी भीड़, जगह – जगह जाम के नजारे
आज रात भर जागेंगी सड़कें, कल शहर का ऐतिहासिक दशहरा चल समारोह, प्रशासन चौकस

कटनी, यशभारत। दुर्गोत्सव अपने चरमोत्कर्ष पर पहुंच चुका है। आज नवरात्र की नवमी पर मां जगदम्बे की एक झलक पाने सडक़ों पर अपार जनसमूह उमड़ पड़ा। शाम ढलते ही लोग सपरिवार मां जगदम्बे के दर्शन को सड़कों पर उतर आए। शहर की ऐसी कोई सडक़ नहीं रही, जहां लोगों की भीड़ न हो। कई जगह जाम लगे तो कई जगह कतारें देखने को मिल रही हैं। मातारानी के दर्शन करने हर कदम दुर्गा पंडालों की ओर ही जाता दिख रहा है। शाम ढलते ही सडक़ों पर श्रद्घालुओं की चहलकदमी शुरू हो गई थी। माता के दर्शनार्थ कल अष्टमी को भी जबरदस्त भीड़ थी। आज नवमी को भी शहर की सडक़ें रात भर जागेंगी। साज-सज्जा से पूरा शहर दूधिया रोशनी से नहा रहा है। शहर में पिछले सालों की तरह इस साल भी एक से बढक़र एक झांकी बनाई गई है। कृषि उपज मंडी में अनुपम साज-सज्जा और भव्य पंडाल में मातारानी की भव्य और मनोहारी प्रतिमा स्थापित की गई है। इसी तरह सुभाष चौक में खाटू श्याम की मूर्ति व संकट मोचन हनुमानजी के साथ मां दुर्गा एवं केसीएस स्कूल में मां महालक्ष्मी के स्वरूप के दर्शन हो रहे हैं। इस बार माता महाकाली की प्रतिमाएं ज्यादातर पर रखीगई हैं। मातारानी कहीं शेर पर सवार होकर तो कहीं झूले पर बैठकर अपने भक्तों को दर्शन दे रही हैं। सडक़ों में उमड़ी अपार भीड़ के चलते शहर के अंदरूनी मार्गों से लेकर मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित हो रहा है। आजाद चौक, चांडक चौक, गर्ग चौराहा, हीरांगज, सुक्खन चौक, शेर चौक, झंडा बाजार, कचहरी चौक, टाकीज रोड में पैदल चलने तक की जगह नहीं बची। हालांकि चौराहों में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस कर्मियों ने तत्परता से जाम खुलवाया। बारडोली का दुर्गोत्सव साल-दर-साल अपनी एक अलग पहचान बनाता जा रहा है। दुर्गोत्सव समितियों में हर साल कुछ नया करने की जैसे होड़ सी लगी हुई है। भव्य झांकी बनाने के साथ ही आकर्षक विद्युत साज-सज्जा से पूरा शहरा मानो जगमगा रहा है। आजाद चौक से लेकर शेर चौक, लक्ष्मीनारायण मंदिर के पास, सुखन चौक, पोस्ट ऑफिस गली मोड़, झण्डा बाजार, कृषि उपज मंडी, गांधी स्कूल, आदर्श कॉलोनी में दुर्गोत्सव समितियों द्वारा की गई आकर्षक विद्युत साज-सज्जा जनाकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। इसके अलावा सराफा बाजार, केसीएस स्कूल, गल्र्स कॉलेज, सब्जी मंडी, सुभाष चौक, गर्ग चौराहा, घंटाघर सहित अन्य क्षेत्रों में भी आकर्षक विद्युत साज सज्जा की गई है।








