भोपाल

मेट्रो का काम बंद, फिर भी सड़क पर बैरिकेडिंग

मेट्रो का काम बंद, फिर भी सड़क पर बैरिकेडिंग 

– रोशनपुरा से लाल परेड ग्राउंड तक यातायात प्रभावित

–  बार-बार बन रही जाम की स्थिति, सड़क की चौड़ाई कम होने से वाहन चालकों को परेशानी

भोपाल, यश भारत । राजधानी में मेट्रो निर्माण के नाम पर की गई बैरिकेडिंग अब वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। रोशनपुरा से लाल परेड ग्राउंड के सामने तक सड़क पर बैरिकेडिंग लगी हुई है, जबकि संबंधित हिस्से में फिलहाल मेट्रो का काम बंद है। इसके बावजूद सड़क के बीच से बैरिकेडिंग नहीं हटाए जाने के कारण मार्ग की चौड़ाई कम हो गई है। नतीजतन, यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और बार-बार जाम जैसी स्थिति बन रही है।
यह मार्ग राजधानी के व्यस्त मार्गों में शामिल है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क पर बैरिकेडिंग होने से वाहनों के निकलने के लिए सीमित जगह बचती है। ऐसे में जब वाहनों का दबाव बढ़ता है, तो यातायात की रफ्तार धीमी हो जाती है और कई बार जाम की स्थिति निर्मित होने लगती है। इसका असर न केवल वाहन चालकों पर पड़ता है, बल्कि इस मार्ग से गुजरने वाले आम नागरिकों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगाना पड़ता है।
काम बंद तो बैरिकेडिंग रखने का क्या औचित्य?
सड़क पर लगी बैरिकेडिंग को लेकर लोगों के मन में सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग लगाना जरूरी हो सकता है, लेकिन जब संबंधित स्थान पर काम ही नहीं हो रहा है, तो सड़क के बीच में बैरिकेडिंग बनाए रखने का क्या औचित्य है? इससे सड़क का एक हिस्सा यातायात के लिए अनुपयोगी बना हुआ है और लोगों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
लोगों का मानना है कि निर्माण कार्य बंद रहने के दौरान यदि बैरिकेडिंग हटाकर सड़क को यातायात के लिए खोल दिया जाए, तो आवागमन काफी हद तक सुगम हो सकता है। इससे सड़क की उपलब्ध चौड़ाई का बेहतर उपयोग होगा और वाहनों की आवाजाही में भी आसानी होगी।
संबंधित विभागों से कार्रवाई की उम्मीद
रोशनपुरा से लाल परेड ग्राउंड तक बैरिकेडिंग के कारण हो रही परेशानी को देखते हुए मेट्रो प्रबंधन और यातायात पुलिस को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है। संबंधित अधिकारियों को मौके की स्थिति का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जहां निर्माण कार्य नहीं चल रहा है, वहां अनावश्यक रूप से सड़क पर बैरिकेडिंग न रखी जाए। यदि सुरक्षा कारणों से बैरिकेडिंग रखना आवश्यक है, तो यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए उचित व्यवस्था की जानी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button