न्यू मार्केट की आग के बाद विशेष सतर्कता, सात घाटों पर नोडल अधिकारी नियुक्त, क्रेन और गोताखोर रहेंगे तैनात

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए घाटों पर पुख्ता इंतजाम, अग्नि सुरक्षा के लिए निगम अलर्ट
– न्यू मार्केट की आग के बाद विशेष सतर्कता, सात घाटों पर नोडल अधिकारी नियुक्त, क्रेन और गोताखोर रहेंगे तैनात
भोपाल, यश भारत। नवरात्रि, दशहरा और मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भोपाल नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विसर्जन घाटों और चल समारोह मार्गों पर साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की जा रही है। 8 अक्टूबर को न्यू मार्केट में हुई आग की घटना के बाद अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। निगम प्रशासन ने आयोजकों और नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है।
सात घाटों पर वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती
प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्थाओं के लिए सात प्रमुख घाटों पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। रानी कमलापति घाट पर अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ शर्मा, हथाईखेड़ा डेम पर वरुण अवस्थी, शाहपुरा घाट पर अमन मिश्रा, संत हिरदाराम नगर बैरागढ़ घाट पर अभिषेक सिंह और मालीखेड़ी घाट पर वरुण बडेरिया जिम्मेदारी संभालेंगे। प्रेमपुरा घाट पर मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता तथा खटलापुरा घाट पर उपायुक्त भुवन गुप्ता और सहायक आयुक्त विजय तिवारी तैनात रहेंगे।
घाटों पर क्रेन, नाव, जीवन रक्षक उपकरण और प्रशिक्षित गोताखोर उपलब्ध रहेंगे। मार्गों से अस्थायी दुकानें और ठेले हटाने, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत, पेड़ों की छंटाई तथा आवारा पशुओं को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारी तीन शिफ्टों में ड्यूटी करेंगे।
पंडालों में अग्निशामक यंत्र रखना जरूरी
निगम के सभी फायर स्टेशन अलर्ट मोड पर हैं और अग्निशमन कर्मचारियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। प्रमुख रावण दहन स्थलों, गरबा आयोजनों और विसर्जन घाटों पर अग्निशमन वाहन व प्रशिक्षित दल तैनात रहेंगे। प्रमुख बाजारों में फायर हाइड्रेंट सिस्टम की जांच और मॉकड्रिल की जा रही है।
आयोजकों को पंडालों में अग्निशामक यंत्र, रेत और पानी से भरी बाल्टियां रखने तथा बिजली की सुरक्षित वायरिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश और निकास के रास्ते खुले रखने और जनरेटर, दीपक व हवन कुंड को सजावटी कपड़ों से दूर रखने की सलाह दी गई है।
निर्धारित घाटों पर ही करें विसर्जन
रावण दहन स्थलों पर बैरिकेडिंग और सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश हैं। प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित घाटों और विसर्जन कुंडों पर करने तथा गहरे पानी में स्वयं नहीं उतरने की अपील की गई है। यातायात पुलिस के डायवर्जन का पालन करने और जुलूस मार्गों पर वाहन खड़े नहीं करने को कहा गया है, ताकि एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों को रास्ता मिल सके। नागरिक घरों और दुकानों में बिजली की लड़ियों, दीपक और मोमबत्तियों का सावधानी से उपयोग करें तथा ज्वलनशील पदार्थ सुरक्षित रखें। आपातकालीन नंबर: अग्निशमन सेवा 101, पुलिस 112, एंबुलेंस 108 और नगर निगम फायर कंट्रोल रूम 0755-2542222, 2701401, 2540220।







