पुलिस ने डीजे संचालकों से भरवाए घोषणा पत्र, नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

कटनी, यशभारत। त्योहारों के दौरान डीजे का संचालन निर्धारित मानकों और अनुमति की शर्तों के अनुसार ही किया जाएगा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करते समय आम नागरिकों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। यह निर्देश देते हुए पुलिस ने डीजे संचालकों से नियमों के पालन के लिए घोषणा पत्र भरवाए हैं। नियमों, ध्वनि स्तर और समय सीमा का उल्लंघन करने पर कार्रवाई भी की जाएगी। त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कंट्रोल रूम में एएसपी कमल मौर्य की अध्यक्षता में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीजे संचालकों को समय सीमा, ध्वनि स्तर और अन्य नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। सभी डीजे संचालकों को को निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी गई। पुलिस ने डीजे संचालकों से जिम्मेदारीपूर्वक व्यवसाय संचालित करने और ऐसी किसी भी गतिविधि से बचने की अपील की है। इस मौके पर डीएसपी रत्नेश मिश्रा, तहसीलदार, माधवनगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र यादव, डीजे संचालक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।







