दीपावली पर पटाखा कारोबारियों को बड़ी राहत : अब ऑनलाइन बनेंगे अस्थायी लाइसेंस

दमोह। दीपावली 2026 पर आतिशबाजी के कारोबार के लिए अस्थायी लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया अब आसान होगी। शासन ने लाइसेंस जारी करने की व्यवस्था ऑनलाइन कर दी है। अब आवेदकों को एमपी ई-सर्विस पोर्टल के जरिए आवेदन करना होगा। नई व्यवस्था के तहत जिले के सभी संबंधित अनुविभागीय दंडाधिकारियों (एसडीएम) को अपने-अपने क्षेत्र में लाइसेंस जारी करने के लिए अधिकृत किया गया है।
ऑनलाइन आवेदन के बाद होगी जांच
आतिशबाजी के कब्जे और विक्रय के लिए अस्थायी अनुज्ञप्ति प्राप्त करने के इच्छुक आवेदक एमपी ई-सर्विस पोर्टल “services.mp.gov.in” (http://services.mp.gov.in) पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित अधिकारी नियमानुसार जांच करेंगे। निर्धारित नियमों और शर्तों की पूर्ति होने पर ही लाइसेंस जारी किया जाएगा।
एसडीएम को मिली ऑनलाइन सुविधा
शासन ने जिले के सभी संबंधित एसडीएम के लिए पोर्टल पर आईडी और पासवर्ड की व्यवस्था पहले से उपलब्ध करा दी है। अधिकारी अपनी लॉगिन आईडी के माध्यम से आवेदनों की प्रक्रिया पूरी कर अस्थायी लाइसेंस जारी कर सकेंगे। इससे दीपावली के दौरान आतिशबाजी के कब्जे एवं विक्रय संबंधी लाइसेंस जारी करने का काम ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
नई व्यवस्था का उद्देश्य अस्थायी लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया को सरल और ऑनलाइन बनाना है।







