नगर निगम ने तोड़ा ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट का अवैध निर्माण, जेसीबी से शुरू हुई दुकानों की तुड़ाई

कटनी, यशभारत। स्टेशन रोड स्थित ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में जिन दुकानों को अवैध निर्माण के रूप में चिन्हित किया गया था, उन पर आज अतिक्रमण विभाग का बुलडोजर चल गया। कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में पार्किंग की जगह पर अनधिकृत रूप से बनाई गई दुकानों और निर्माण कार्य पर नगर निगम का पीला पंजा (जेसीबी) चल गया है। यहां नगर निगम की यह पहली बड़ी कार्रवाई नहीं है। इससे पहले भी बकाया कर (टैक्स) जमा न करने और नियमों की अनदेखी के मामले में निगम द्वारा इस कॉम्प्लेक्स की दुकानों को सीज करने की कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद नियमों का पालन न किए जाने और बेसमेंट की पार्किंग में अवैध कब्जा बरकरार रहने के बाद अब नगर निगम ने सीधे ध्वस्तीकरण (तुड़ाई) का डंडा चलाया है। निगम की इस कार्रवाई से भू-माफियाओं और अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया है। यह पूरी कार्रवाई नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार के स्पष्ट और कड़े निर्देशों के तहत की जा रही है। बेसमेंट में नियमों को ताक पर रखकर किए गए अवैध कब्जों और पार्किंग क्षेत्र में व्यावसायिक निर्माण की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद निगम प्रशासन ने यह बड़ा कदम उठाया है। स्थिति की गंभीरता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल के साथ-साथ नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद हैं। प्रशासन की मौजूदगी में बेसमेंट में किए गए अवैध निर्माण को ढहाने का काम तेजी से जारी है।







