यश भारत भोपाल।

खाने में छिपकली मिलने से मचा हड़कंप
श्रमोदय आवासीय विद्यालय, मुगालिया छाप में खाद्य विभाग की रात 8 बजे जांच, 9 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
भोपाल यश भारत।श्रमोदय आवासीय विद्यालय मुगालिया छाप में भोजन में छिपकली मिलने की घटना के बाद हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य विभाग की टीम ने रात 8 बजे विद्यालय पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने नौ खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की। निरीक्षण में रसोई की व्यवस्थाओं में कई कमियां सामने आईं जिससे भोजन की स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। निरीक्षण के दौरान रसोई में टाइल्स टूटी हुई मिलीं और पर्याप्त रोशनी की कमी भी पाई गई। इसके अलावा पेस्ट कंट्रोल से संबंधित रिकॉर्ड और कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं मिले। खाद्य सुरक्षा के लिहाज से इन कमियों को गंभीरता से लिया गया है। मौके पर मिली खामियों के आधार पर विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
खाद्य विभाग की आगामी तैयारी, नमूनों की रिपोर्ट पर रहेगी नजर
खाद्य विभाग द्वारा लिए गए नौ खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जा सकती है। विभाग की आगामी कार्रवाई में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता रसोई की स्वच्छता और निर्धारित मानकों के पालन की स्थिति महत्वपूर्ण रहेगी। निरीक्षण में सामने आई कमियों के संबंध में भी आगे जांच की जा रही है। भोजन में छिपकली मिलने की घटना ने आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अब जांच रिपोर्ट और विभाग की आगामी कार्रवाई पर नजर रहेगी। हालांकि छिपकली को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है







