जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

महापौर कप राष्ट्रीय फ्लाइंग किक प्रतियोगिता कल से देशभर के 200 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

रानीताल खेल परिसर में 10 और 11 अक्टूबर को होगा आयोजन, सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में मुकाबले

जबलपुर, यश भारत। संस्कारधानी में 10वीं राष्ट्रीय फ्लाइंग किक प्रतियोगिता का आयोजन 10 और 11 अक्टूबर को रानीताल खेल परिसर में किया जाएगा। महापौर कप के नाम से आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से 200 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में बालक और बालिका दोनों वर्गों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इंडिया फ्लाइंग किक स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव मास्टर नीरज कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में हरियाणा, दिल्ली, तेलंगाना और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी शामिल होंगे। मुकाबले सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में आयोजित किए जाएंगे। खिलाड़ियों के लिए आयु और वजन के आधार पर अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।

उन्होंने बताया कि फ्लाइंग किक आत्मरक्षा पर आधारित खेल है, जिसमें पैरों की तकनीक का विशेष महत्व होता है। इस खेल को खासतौर पर आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने तथा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अवसर देने के उद्देश्य से वर्ष 2013 से प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पहले इस खेल की नौ राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित हो चुकी हैं। जबलपुर में दसवीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार, संस्कारधानी में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की फ्लाइंग किक प्रतियोगिता आयोजित हो रही है। इसमें नगर निगम जबलपुर, क्रीड़ा भारती और अन्य संस्थाओं की सहभागिता है। प्रतियोगिता में देशभर से खिलाड़ियों के साथ राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षक भी शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और फ्लाइंग किक को व्यापक पहचान दिलाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button