ट्रेन की बोगी में मिली नवजात बालिका, पुलिस ने जिला चिकित्सालय के एनआईसीयू में कराया भर्ती

कटनी, यशभारत। कटनी में बीना-नागदा स्पेशल ट्रेन में नवजात मिलने की सूचना से रेलवे विभाग में हडक़ंप मच गया। जानकारी के मुताबिक ट्रेन क्रमांक 09341 के प्लेटफार्म पर पहुंचते ही रेलवे अधिकारियों, जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने महिला आरक्षक की मौजूदगी में नवजात को नीचे उतारा। इसके बाद उसे जिला अस्पताल के एनआईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। रेल सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बकलेटा रेलवे स्टेशन के पास टे्रन के इंजन के पीछे वाली बोगी से ड्राइवर को नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। ड्राइवर ने तत्काल ट्रेन के गार्ड को सूचना दी, जिसके बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से जानकारी दी। बताया जा रहा है कि ट्रेन की खाली बोगी में करीब डेढ़ माह की नवजात बच्ची मिली है। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उसे एहतियातन गहन चिकित्सा निगरानी में रखा गया है। वहीं जीआरपी मामले की जांच में जुटी है। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को ट्रेन में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा।







