मुख्य ख़बरें

सड़क निर्माण के बीच NH-44 पर वाहनों की सीधी भिड़ंत : रेफर किया गया घायल चालक; हाईवे पर लगा लंबा जाम

सागर, यशभारत l नेशनल हाईवे 44 (NH-44) पर बांदरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रजवांस ब्रिज के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सड़क निर्माण कार्य के चलते किए गए सिंगल-लेन ट्रैफ़िक डायवर्जन के दौरान एक आयशर ट्रक और कंटेनर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में आयशर ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि हाईवे पर घंटों लंबा जाम लग गया।

एक ही लेन से गुजर रहा था दोनों दिशाओं का यातायात

जानकारी के अनुसार,रजवांस ब्रिज के पास सड़क निर्माण कार्य चलने के कारण हाईवे अथॉरिटी द्वारा ट्रैफ़िक को डायवर्ट किया गया था। इस व्यवस्था के चलते दोनों ओर का यातायात एक ही लेन से निकाला जा रहा था। इसी दौरान आमने-सामने से आ रहे आयशर ट्रक और कंटेनर के चालकों को संभलने का मौका नहीं मिला और दोनों वाहनों में सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आयशर ट्रक के परखच्चे उड़ गए और उसका चालक केबिन में ही फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

जिला अस्पताल रेफर

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुँचे। घायल आयशर चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

हादसे के बाद लगा लंबा जाम

दुर्घटना के बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और भीषण जाम की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलने पर बांदरी थाना पुलिस और संबंधित सड़क अथॉरिटी (NHAI) की टीम ने मौके पर पहुँचकर क्रेन के माध्यम से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटवाया और काफी प्रयासों के बाद यातायात सुचारू रूप से शुरू कराया।
स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों ने रजवांस ब्रिज पर बार-बार हो रहे हादसों को लेकर भारी आक्रोश जताया है। लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी द्वारा डायवर्जन स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि डायवर्जन वाले हिस्से पर दूर से दिखाई देने वाले रेडियम संकेतक, रिफ्लेक्टर बैरिकेडिंग और गति को नियंत्रित करने के लिए रंबल स्ट्रिप्स (स्पीड ब्रेकर) तत्काल लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button